
रायगढ़। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दर्शन प्रसाद चौहान (22 वर्ष), निवासी पतराटोली, पत्थलगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तकनीकी जांच और पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर दबिश देकर पकड़ा।
जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को घरघोड़ा पुलिस ने लैलूंगा रोड पर नाकेबंदी के दौरान विजय सिदार और शिवव्रत सिदार को 3.5 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। बरामद गांजे की कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये आंकी गई थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने “सुदर्शन” नामक व्यक्ति से गांजा खरीदने की बात बताई थी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मोबाइल नंबरों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की, जिसमें दर्शन प्रसाद चौहान की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शिवव्रत सिदार को करीब 3.5 किलो गांजा उपलब्ध कराया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। एसएसपी ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
