
रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कोतवाली पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी विश्वास बैरागी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपी विश्वास बैरागी, शुभम भाटिया और उनके साथियों ने वैभव ठाकुर नामक युवक के साथ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की थी। घटना में पीड़ित को कई स्थानों पर चोटें आई थीं। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के बाद आरोपी फरार था। पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मारपीट में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
