
बिलासपुर:शहर में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने DLS कॉलेज के पास हाथ में बटनदार धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अशोक नगर स्थित DLS कॉलेज हनुमान मंदिर के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान कैलाश साहू (27 वर्ष), निवासी अशोक नगर, DLS कॉलेज के पास, थाना सरकंडा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 10 इंच लंबा स्टील रंग का बटनदार धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसकी फल की लंबाई लगभग 4.5 इंच बताई गई। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने चाकू जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 831/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
