
बिलासपुर:थाना सरकंडा पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की एक एक्टिवा स्कूटी बरामद करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बालक के कब्जे से चोरी की सफेद रंग की एक्टिवा जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बी.आर. यादव नगर बहतराई निवासी संगीता साहू ने थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 मई 2026 की रात श्रीधाम कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन मकान के पोर्च से उनकी सफेद रंग की एक्टिवा (क्रमांक CG 10 NB 4622) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसी दौरान 02 जून को थाना सरकंडा पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। चेकिंग के दौरान एक सफेद एक्टिवा पर सवार बालक को रोककर पूछताछ की गई। वाहन के दस्तावेज नहीं दिखाने और संदिग्ध जवाब देने पर पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन, इंजन एवं चेसिस नंबर की जांच की, जिसमें वाहन चोरी की निकली।
पूछताछ में विधि से संघर्षरत बालक ने स्वीकार किया कि उसने श्रीधाम कॉलोनी के एक मकान के पोर्च से एक्टिवा चोरी की थी। पुलिस ने करीब 10 हजार रुपये कीमत की चोरी गई स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
