
रायगढ़:पुसौर पुलिस ने शॉ मिल से मशीनरी पार्ट्स चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई सामग्री बरामद कर ली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 24 घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंचते हुए लगभग 14 हजार रुपये मूल्य की दो पुल्ली बरामद की हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम चिखली निवासी पितबासो साव ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बजरंग शॉ मिल में मशीन संचालन के लिए रखी गई दो नई पुल्ली चोरी हो गई हैं। इस पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान शॉ मिल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें ग्राम चिखली निवासी शहनू सिदार पुल्ली उठाकर दीवार के पार ले जाते दिखाई दिया।
पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से चोरी गई दोनों पुल्ली बरामद कर जब्त कर ली गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सीसीटीवी की मदद से अपराधों का शीघ्र खुलासा संभव हो रहा है। उन्होंने नागरिकों से घरों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील करते हुए कहा कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों को तेजी से चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
