
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश में टीमों को दूसरे राज्यों में रवाना किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी कारोबारी प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने के दौरान बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद थाना पेण्ड्रा में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग स्वयं घटनास्थल पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस, साइबर सेल और विभिन्न जिलों की संयुक्त टीमों ने TechINT (तकनीकी खुफिया) और HumINT (मानव खुफिया) की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहु ने अपने भतीजे राजाराम साहू और बिहार-झारखंड के परिचित आरोपी राहुल के साथ मिलकर साप्ताहिक बाजारों में सोना-चांदी व्यापारियों की रेकी कर लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों ने 23 मई को बिटकुला में बैठकर वारदात की साजिश रची और 26 मई को कोटमीकला बाजार में प्रदीप सोनी को निशाना बनाया।
बताया गया कि शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने प्रदीप सोनी से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने अवैध हथियार से गोली चला दी, जिससे प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए और देवरीखुर्द में लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टेकरी में छिपाकर रखे गए देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और लूट के आभूषण जब्त किए। आरोपियों द्वारा सबूत मिटाने के लिए कुछ पैकिंग सामग्री जलाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने मामले में खुशीराम साहु, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में जिला पुलिस, साइबर सेल, ACCU और बिलासपुर रेंज की विभिन्न इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही
