
बिलासपुर:वाहन चालक मालिक सामाजिक संघ (कार टैक्सी संघ) छत्तीसगढ़ द्वारा बिलासपुर जिले के व्यापार विहार स्थित तारामंडल सभागार में जिले के ट्रेवल्स संचालकों एवं परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में टैक्सी एवं ट्रेवल्स व्यवसाय से जुड़े संचालकों ने भाग लेते हुए व्यवसाय से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अनुराग तिवारी की उपस्थिति में सर्वसम्मति एवं लोकतांत्रिक मतदान प्रक्रिया के माध्यम से टैक्सी किराए में संशोधन करने का निर्णय लिया गया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतें, वाहन रखरखाव खर्च, ऑटो पार्ट्स की महंगाई, बीमा, चार्जिंग और अन्य परिचालन लागत में वृद्धि के कारण किराए में बदलाव आवश्यक हो गया था।
बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार टैक्सी किराए में ₹200 की वृद्धि तथा प्रति किलोमीटर ₹2 बढ़ाने का निर्णय लिया गया। यह फैसला उपस्थित ट्रेवल्स संचालकों एवं परिवहन व्यवसाय से जुड़े सदस्यों की सहमति और मतदान प्रक्रिया के बाद लिया गया।
बैठक के दौरान संगठन से जुड़े सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने संगठन की एकजुटता और परिवहन व्यवसाय के हित में लिए गए निर्णय का समर्थन किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
वाहन चालक मालिक सामाजिक संघ (कार टैक्सी संघ) छत्तीसगढ़ ने आमजन और टैक्सी सेवाओं का उपयोग करने वाले ग्राहकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों और लगातार बढ़ती संचालन लागत को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। संघ ने उम्मीद जताई कि उपभोक्ता परिस्थितियों को समझते हुए सहयोग प्रदान करेंगे।
