
रायगढ़ पुलिस और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में उर्दना स्थित पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए विशाल मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 400 पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, जांच और दवाइयों का लाभ उठाया।


कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह, आईएमए रायगढ़ के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा, अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल, सचिव डॉ. राजकुमार गुप्ता सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में हुआ।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों की व्यस्त ड्यूटी और अनियमित दिनचर्या के कारण अक्सर स्वास्थ्य की अनदेखी हो जाती है, जिससे कई बीमारियां गंभीर रूप ले लेती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान और समय पर उपचार संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जवान ही अपनी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के प्रति पूर्ण न्याय कर सकता है और पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

आईएमए के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा ने पुलिस और डॉक्टरों को समाज सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने घोषणा की कि शिविर में परामर्श लेने वाले पुलिसकर्मी अगले 10 दिनों के भीतर संबंधित चिकित्सकों से फॉलोअप करते हैं तो उनसे कोई परामर्श शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आईएमए रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल ने बताया कि शिविर में मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, नेत्र, त्वचा, अस्थि रोग, किडनी, दंत, बाल रोग, मनोरोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। साथ ही महिलाओं में सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए मोबाइल कैंसर केयर एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की नि:शुल्क जांच की गई।डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और पुलिसकर्मियों के लिए स्वस्थ रहना उनकी जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन के लिए आवश्यक है।शिविर में ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी और ईको जैसी महत्वपूर्ण जांचें नि:शुल्क की गईं तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कई पुलिसकर्मियों में उच्च रक्तचाप और ब्लड शुगर जैसी समस्याएं प्रारंभिक स्तर पर सामने आईं, जिनके लिए चिकित्सकों ने दवा के साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और बेहतर जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।कार्यक्रम के अंत में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रायगढ़, सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, आरआई अमित सिंह सहित आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन जारी रखने की बात कही।
