
रायगढ़ पुलिस परिवार के लिए रविवार का दिन भावनात्मक क्षणों से भरा रहा, जब 42 वर्षों तक पुलिस विभाग में निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) देव प्रसाद चौहान अधिवर्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। पुलिस लाइन उर्दना में आयोजित सेवा सम्मान समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
मार्च 1984 में जिला पुलिस बल में आरक्षक के रूप में भर्ती हुए देव प्रसाद चौहान ने अपने लंबे सेवा काल में विभिन्न थानों में जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने थाना कुनकुरी, बगीचा, सारंगढ़, कोसीर, धरमजयगढ़, कोतवाली, तमनार, पूंजीपथरा, जूटमिल, कोतरारोड और लैलूंगा सहित कई स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे थाना लैलूंगा में पदस्थ थे।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर थाना लैलूंगा में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं स्टाफ ने शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया तथा सुखद, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस लाइन उर्दना में आयोजित सम्मान समारोह में एसएसपी शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा और डीएसपी उन्नति ठाकुर ने देव प्रसाद चौहान का सम्मान किया। इस दौरान उनके परिजन भी मौजूद रहे। अपने लंबे सेवा काल की यादों को साझा करते हुए देव प्रसाद चौहान भावुक नजर आए और पुलिस विभाग में बिताए वर्षों को जीवन की अमूल्य पूंजी बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने देव प्रसाद चौहान की अनुकरणीय सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि अब उनके जीवन का नया अध्याय शुरू हो रहा है, जिसमें वे परिवार के साथ समय बिताने और अपनी रुचियों को पूरा करने का अवसर प्राप्त करेंगे।
एसएसपी ने यह भी कहा कि “पुलिस विभाग में वर्षों तक समर्पण, अनुशासन और निष्ठा के साथ सेवाएं देना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। देव प्रसाद चौहान ने कर्तव्यपरायणता और ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।”
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने देव प्रसाद चौहान को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की कामना की। मूल रूप से जिला सक्ती के ग्राम बंजारी निवासी देव प्रसाद चौहान के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
