11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/धरमजयगढ़ विशेष…….
रायगढ़:पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए एक महिला और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, चोरी के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान धरमजयगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस चर्चित चोरी मामले का खुलासा किया।
मामले में प्रार्थी शांतनु पाल निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी ने 26 अप्रैल 2026 को थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का अज्ञात चोरों ने रात में ताला तोड़कर नगदी, रिपेयरिंग के लिए रखे मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी। रिपोर्ट पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान रात्रि गश्त में पुलिस ने दो संदिग्ध किशोरों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि वे कविता सिंह राजपूत के संपर्क में थे। इसके बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की, जिसमें उसने दोनों बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपिया कविता सिंह राजपूत के कब्जे से 5 हजार रुपये नगद और एक जियो कीपैड मोबाइल बरामद किया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों से 2-2 हजार रुपये नगद और चोरी के मोबाइल जप्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के गल्ले से 32 हजार रुपये नकद और कई मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया है।
आरोपिया महिला को जेएमएफसी न्यायालय धरमजयगढ़ में तथा दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ में प्रस्तुत किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, प्रधान आरक्षक जगित राठिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा —
“रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों में लगातार सक्रिय निगरानी, मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के माध्यम से अपराधियों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।”
