09 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष….
बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में गुरुवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय (भा.पु.से.) के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति स्थानांतरण पर गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने आत्मीय वातावरण में उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह में आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने श्री वार्ष्णेय के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री वार्ष्णेय ने अपने कार्यकाल में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता की नई मिसाल कायम की है। साइबर अपराधों पर उनकी गहरी पकड़ और सामुदायिक पुलिसिंग के प्रति समर्पण युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्री आंजनेय वार्ष्णेय ने 23 अप्रैल 2025 से 8 मई 2026 तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के एसपी के रूप में कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले वे धमतरी और कोंडागांव जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में भी पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी पहचान एक अनुशासित, सत्यनिष्ठ और तकनीकी दक्ष अधिकारी के रूप में रही है।
अपने उद्बोधन में श्री वार्ष्णेय ने सम्मान और सहयोग के लिए पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग तथा विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण के बाद भी विभाग को जब भी आवश्यकता होगी, वे हर संभव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शर्मा सहित बिलासपुर रेंज कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीएसपी श्री विवेक शर्मा द्वारा किया गया।
