06 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर। थाना तोरवा क्षेत्र में महिला पर नुकीली वस्तु से हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं और आदतन अपराधी हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती लक्ष्मी सतनामी (निवासी बन्नाक चौक, सिरगिट्टी) 4 मई 2026 की रात अपने एक रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़ने गई थीं। स्टेशन से वापस लौटते समय मुल्कराज होटल के पास पहले से परिचित आरोपी राजा कोसले और राज उर्फ डैनी कोसले ने बिना किसी कारण विवाद करते हुए महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला की कलाई के पास चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। मामले में अपराध क्रमांक 233/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) एवं 118(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 6 मई 2026 को दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
