16 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोनी
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। शहर के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवर व्यू कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृतका की पहचान रायगढ़ निवासी दृष्टि गुप्ता (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय में लॉ सेकंड ईयर की छात्रा थी और रिवर व्यू कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा मानसिक तनाव से जूझ रही थी। बताया जा रहा है कि उस पर शादी का दबाव था और घटना से पहले उसकी अपने पिता से फोन पर बातचीत भी हुई थी, जिसमें किसी बात को लेकर उसे फटकार लगी थी। इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर साथ में रहने वाली सहेलियों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोनी पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
फिलहाल सुसाइड नोट मिलने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं छात्रा के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
