20 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 20 फरवरी 2026। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट में पहली बार रात्रिकालीन उड़ान (नाइट लैंडिंग) का सफल ट्रायल किया गया, जो शहर के विमानन इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्टेट प्लेन द्वारा किए गए इस ट्रायल के सफल होने से बिलासपुर में हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में नया अध्याय जुड़ गया है।
ट्रायल के दौरान रनवे लाइटिंग सिस्टम, एप्रोच लाइट्स, एयर ट्रैफिक समन्वय सहित सभी तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया, जो पूरी तरह संतोषजनक पाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. बिरेन सिंह, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो के क्षेत्रीय अधिकारी एवं एयरपोर्ट के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने से यात्रियों को अधिक उड़ान विकल्प मिलेंगे और क्षेत्र के औद्योगिक, व्यावसायिक तथा पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार आवश्यक औपचारिकताओं एवं अंतिम स्वीकृतियों के बाद नियमित रूप से रात्रिकालीन उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा।
यह सफल ट्रायल बिलासपुर को देश के प्रमुख हवाई नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और इससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
