दो दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ, विशेषज्ञों ने सिखाए बिजनेस के गुर और सफलता के मंत्र
19 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत देवकीनंदन दीक्षित ऑडिटोरियम में दो दिवसीय स्वरोजगार प्रोत्साहन मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक सुशांत शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बिलासपुर द्वारा किया गया है, जिसका उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
युवाओं को दिए सफलता के सूत्र
मुख्य अतिथि विधायक सुशांत शुक्ला ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वरोजगार आत्मनिर्भर भारत की नींव है। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय प्रबंधन, मार्केटिंग रणनीति, लाइसेंस प्रक्रिया और व्यवसाय स्थापित करने की बारीकियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अवसरों को पहचानकर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव और मार्गदर्शन
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लघु एवं सहायक उद्योग संघ के प्रतिनिधि हरीश केडिया ने उद्योग स्थापना से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को व्यवहारिक सुझाव दिए। वहीं बीएनआई (Business Network International) के कार्यपालक संचालक डॉ. किरणपाल चावला ने व्यवसाय में नेटवर्किंग और विस्तार की भूमिका को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, एमएसएमई विभाग के अधिकारी और उद्योग जगत के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
युवाओं में दिखा उत्साह, योजनाओं की ली जानकारी
मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में युवाओं और संभावित उद्यमियों ने भाग लेकर स्वरोजगार योजनाओं, वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। आयोजन के माध्यम से युवाओं में आत्मनिर्भर बनने का उत्साह और नया आत्मविश्वास देखने को मिला।
यह मेला युवाओं के लिए न सिर्फ जानकारी का मंच बना, बल्कि उन्हें अपने सपनों को व्यवसाय में बदलने की प्रेरणा भी दे गया।
