16 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/शनीचरी बाजार
बिलासपुर। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दहशत में आए शनिचरी बाजार के व्यापारियों ने आखिरकार अपनी आवाज बुलंद कर दी। सोमवार को शनिचरी बाजार व्यापारी संघ के सदस्यों ने एकजुट होकर बिलासपुर महापौर पूजा विधानी और नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वय से मुलाकात कर बाजार की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग की।

व्यापारियों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की गंभीर कमी है, जिससे रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। इसी अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

व्यापारियों ने कहा कि चोरी की बढ़ती घटनाओं से उनके व्यापार और सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन में स्ट्रीट लाइट की तत्काल व्यवस्था, नियमित पानी आपूर्ति और बाजार क्षेत्र में घूम रहे आवारा मवेशियों से निजात दिलाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। व्यापारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा।

इस दौरान व्यापारियों ने नगर निगम बिलासपुर से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की अपील की। महापौर और निगम कमिश्नर ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रमुख व्यापारियों में अनिल नेवदानी, राजकुमार हंसपाल, लखन नागदेव, पंकज जैसवानी, गुड्डू डोडवानी, परमानंद मतलानी, डब्बी बजाज, मोनू वाधवानी, राहुल वाधवानी, राहुल तोलानी, यशवंत बेलानी, संतोष वाधवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
