3,126 टीकाकरण, 1,453 कृत्रिम गर्भाधान सहित हजारों पशुपालक हुए लाभान्वित
13 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले में 22 जनवरी से 13 फरवरी तक आयोजित पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरूकता पखवाड़ा व्यापक सफलता के साथ सम्पन्न हुआ। जिलेभर में आयोजित शिविरों के माध्यम से पशुपालक किसानों को उपचार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, निःशुल्क दवाइयों का वितरण तथा तकनीकी मार्गदर्शन की सुविधाएं प्रदान की गईं।
पखवाड़े के दौरान कुल 926 हितग्राही लाभान्वित हुए तथा 3,257 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न शिविरों में 528 पशुओं का उपचार, 1,453 पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान, 1,118 पशुओं को निःशुल्क दवाइयों का वितरण तथा 3,126 पशुओं का टीकाकरण किया गया। इसके अलावा 51 बधियाकरण, 44 बांझपन उपचार एवं 54 नमूनों की जांच की गई। किसानों के लिए 20 जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
अभियान के तहत बिलासपुर, तखतपुर, मस्तूरी एवं कोटा विकासखंड के विभिन्न गांवों में शिविर लगाए गए। प्रत्येक शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, नस्ल सुधार, चारा प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जी.एस. तंवर ने बताया कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य पशुधन की उत्पादकता बढ़ाना, संक्रामक रोगों की रोकथाम करना तथा किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने पशुओं का नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और विभाग द्वारा आयोजित आगामी शिविरों का लाभ उठाएं।
यह पखवाड़ा जिले के पशुपालक किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है और पशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
