40 हजार से अधिक आवास पूर्ण, जून 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य का संकल्प
13 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन में बिलासपुर जिले ने राज्य स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए 40 हजार से अधिक आवास पूर्ण कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल के मार्गदर्शन में यह सफलता संभव हो सकी है।
वित्तीय वर्ष 2024–26 तक जिले में कुल 71,435 आवासों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 40,452 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। जनपद पंचायतवार प्रगति पर नजर डालें तो बिल्हा में 11,083, कोटा में 9,102, मस्तूरी में 12,337 तथा तखतपुर में 7,930 आवास पूर्ण हुए हैं। वर्तमान में 30,983 आवास निर्माणाधीन हैं, जिन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूरा कराने के उद्देश्य से 12 फरवरी 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष महाअभियान चलाया गया। अभियान के तहत बिहान कैडर की दीदियों, एफएलसीआरपी/आरसी, सक्रिय महिला, पशु सखी, कृषि सखी, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आवास मित्र एवं पंचायत सचिवों ने घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रेरित किया। नारी शक्ति की सक्रिय सहभागिता ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दे दिया और निर्माण कार्य को नई गति मिली।
जिला प्रशासन ने सभी अपूर्ण आवासों को 30 जून 2026 तक पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए सतत मॉनिटरिंग, समन्वय एवं मैदानी निरीक्षण के माध्यम से प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराना है। बिलासपुर जिला इस लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, जिससे जरूरतमंद परिवारों के सपनों का अपना घर साकार हो सके।
