हर व्यक्ति का दवा सेवन अनिवार्य, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त – कलेक्टर
03 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान हर व्यक्ति का दवा सेवन सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया (हाथी पांव) एक गंभीर और आजीवन कष्ट देने वाली बीमारी है, जिसके उन्मूलन के लिए शत-प्रतिशत दवा सेवन अत्यंत आवश्यक है। अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अभियान को सफल बनाने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगरीय निकाय, पंचायत, शिक्षा विभाग सहित समस्त मैदानी अमले को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनें घर-घर जाकर दवा सेवन कराएंगी तथा आमजन को फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। कलेक्टर ने कहा कि दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसके सेवन से फाइलेरिया से स्थायी बचाव संभव है। दवा सेवन के बाद किसी भी प्रकार की असहजता होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में समाजसेवी संस्थाओं एवं रोटरी क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, जो सरकारी प्रयासों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करेंगी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
