22 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर/रतनपुर
थाना रतनपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र में धान की अवैध खरीदी–बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 150 बोरी धान से भरा एक माजदा वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान धान से संबंधित कोई वैध बिल अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धान को अवैध मानते हुए जप्त किया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर को सूचना मिली थी कि माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BV 6881 का चालक अवैध रूप से धान खरीदकर कृषि उपज मंडी में बेचने के उद्देश्य से ग्राम खरगहनी (थाना कोटा) से ग्राम तेंदुभाठा (थाना रतनपुर) की ओर जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उनके निर्देश पर थाना प्रभारी रतनपुर द्वारा टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने ग्राम बारीडीह मेन रोड पर घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन चालक रामेश्वर ध्रुव निवासी नेवरा, थाना कोटा, द्वारा माजदा में भरे 150 बोरी धान के संबंध में कोई खरीदी-बिक्री दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर धान के चोरी की मशरूका होने की आशंका के चलते 106 बीएनएसएस के तहत वाहन सहित धान को जप्त किया गया।
मामले की सूचना तहसीलदार रतनपुर एवं खाद्य निरीक्षक को दी गई, जो मौके पर पहुंचकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान खरीदी-बिक्री व परिवहन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
