January 20, 2026
IMG-20251008-WA0015.jpg
Spread the love

08 अक्टूबर 2025

(सीजी क्राइम रिपोर्टर)

बिलासपुर:–थाना सकरी क्षेत्र के ग्राम खजुरी नवागांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पुत्र ने मामूली विवाद के चलते अपने ही पिता की बांस के डंडे से हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना सकरी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनमोहन भारद्वाज पिता स्व. सुंदरलाल (उम्र 47 वर्ष) निवासी बिनौरी ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम खजुरी नवागांव निवासी राजेश उर्फ टिल्ली यादव (उम्र 26 वर्ष) ने दिनांक 06 अक्टूबर 2025 की रात अपने पिता हरप्रसाद यादव के सिर पर बांस के डंडे से वार कर दिया था। गंभीर चोट लगने से हरप्रसाद यादव को इलाज हेतु सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सकरी में अपराध क्रमांक 790/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश उर्फ टिल्ली यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

 सकरी पुलिस की तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता एक बार फिर प्रदर्शित हुई है।