बिलासपुर। बिल्हा क्षेत्र में रॉन्ग साइड पर लापरवाही से हाइवा चलाते हुए स्कूटी सवार की जान लेने के मामले में पुलिस ने चालक रामशरण श्रीवास (43) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना 20 अक्टूबर 2026 को निपनिया मुख्य मार्ग स्थित महावीर पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां हाइवा क्रमांक CG10BH7085 के चालक ने वाहन को गलत दिशा में लहराते हुए सामने से आ रही स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार मोहम्मद इरफान कुरैशी (33), निवासी आमापारा बिल्हा की मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, हाइवा चालक ने वाहनों को टक्कर मारने के बाद उन्हें घसीटा और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों व स्थानीय लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति संभाली। पुलिस की तत्परता से चक्काजाम की स्थिति निर्मित नहीं होने दी गई। घटनास्थल से हाइवा, मृतक की स्कूटी और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी रामशरण श्रीवास, निवासी इंद्रपुरी, हिर्री माइंस क्षेत्र, थाना चकरभाठा, के विरुद्ध अपराध क्रमांक 562/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 105 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग तथा पुलिसकर्मियों अमर चंद्रा, अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम का विशेष योगदान रहा।
