बिलासपुर। तिफरा सब्जी मंडी में पुराने आपराधिक मामले में समझौता कराने के दबाव को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। थोक सब्जी व्यापारी श्रीकांत मौर्य के मुताबिक, 7 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और उनके पिता के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए व्यापारी और दुकान के कर्मचारी को भी नहीं बख्शा गया। मामले में सिरगिट्टी थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के मुताबिक, घटना 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9:45 बजे की है। व्यापारी अपनी दुकान के काउंटर पर बैठे थे, तभी बाकेलाल सोनकर, प्रवीण सोनकर, अभिषेक सोनकर, रूपेश बोले उर्फ चु, महेश्वर अप्पू केशरी, निहाल, राज सोनकर और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि सरकंडा थाने में राजू सोनकर के खिलाफ दर्ज पुराने अपराध में समझौता कराने का दबाव बनाया गया। इसी दौरान व्यापारी के पिता बंधु लाल मौर्य को धक्का देकर गिरा दिया गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में गला पकड़ने, बोरा उठाने वाले कोड़े से हमला करने की कोशिश और हाथ-मुक्कों व लातों से मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मारपीट में श्रीकांत मौर्य के बाएं गाल, सिर और सीने में, उनके पिता के बाएं हाथ में तथा कर्मचारी लकेश्वर प्रसाद के बाएं माथे और बाईं पसली में चोट लगने की बात एफआईआर में दर्ज है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, झूमाझटकी के दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन भी गायब हो गई। सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 0737/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2) और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपों की जांच जारी है।
