बेमेतरा। घास जमीन पर मकान बनाने के विवाद में पैसों की मांग और गाली-गलौज के बाद एक व्यक्ति को चाकू और टंगिया दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी गोवर्धन जांगड़े को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 18 अक्टूबर को प्रार्थी विनोद देवांगन की दुकान के सामने पहुंचा था। वहां उसने कमर में रखा करीब 10 इंच लंबा लोहे का चाकू निकालकर लहराया और दूसरे हाथ में टंगिया दिखाते हुए अश्लील गाली-गलौज कर जान से खत्म करने की धमकी दी। प्रार्थी ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में बनाया था।
विनोद देवांगन की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार वस्तु, टंगिया और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में मारपीट के दो और आबकारी का एक मामला भी दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला की टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी गोवर्धन जांगड़े, पिता पुनाराम जांगड़े उर्फ जंगलिहा, उम्र 32 वर्ष, निवासी मोहरेंगा, को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
