रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में राहगीर से मोबाइल झपटने और ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर मारपीट करते हुए नकदी व मोबाइल लूटने की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में सुरेंद्र चौहान और सुमेष प्रधान को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका तीसरा साथी समीर महंत उर्फ पप्पू फरार है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 13 अक्टूबर की रात घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबे के सामने टेरम निवासी सूरज राठिया का आईफोन छीना था। इसके बाद 16 अक्टूबर की रात घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह को रोककर चाकू दिखाया, मारपीट की और मोबाइल, तीन हजार रुपये नकद व ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया।
दोनों घटनाओं की रिपोर्ट 18 अक्टूबर को दर्ज होने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। पूछताछ में सुरेंद्र चौहान और सुमेष प्रधान ने अपने फरार साथी के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान परेड कराई, जिसमें पीड़ितों ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक चुके थे और आईफोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और पीड़ित का सफेद रंग का आईफोन बरामद किया है। फरार आरोपी समीर महंत उर्फ पप्पू की तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार और पुलिस स्टाफ की भूमिका रही। एसएसपी ने राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

