31 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर उत्कृष्ट पुलिसिंग का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025 में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर बिलासपुर पुलिस का चयन दो प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। यह सम्मान पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में किए गए प्रभावी अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और संवेदनशील पुलिसिंग का परिणाम माना जा रहा है।
राज्य शासन द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों एवं समाज के कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, त्वरित एवं वैज्ञानिक विवेचना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
इस वर्ष अजाक थाना, बिलासपुर का चयन शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में उत्कृष्ट विवेचना, संवेदनशील कार्यप्रणाली, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया जा रहा है।
वहीं, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान प्रभावी पर्यवेक्षण, उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान, अपराध नियंत्रण तथा कमजोर वर्गों के हितों की रक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तर पर मिली यह सफलता बिलासपुर पुलिस की कार्यकुशलता, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस उपलब्धि पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे बिलासपुर पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि पुलिस बल को और अधिक ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
बिलासपुर पुलिस ने इस सम्मान का श्रेय जिले की जनता के विश्वास और सहयोग को देते हुए भविष्य में भी कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा जनहित में उत्कृष्ट पुलिस सेवाएं देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
