14 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक-2 में जेसीबी, टैंकर और रेलिंग को काटकर कबाड़ में बेचे जाने के कथित मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। आरोप है कि अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से शासकीय संपत्ति का दुरुपयोग किया गया, लेकिन अब तक न तो दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई हुई है और न ही पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

इसी तरह वार्ड क्रमांक-8 में करीब 15 लाख रुपये के कर (टैक्स) की अनियमितता का मामला भी सामने आया है। इस प्रकरण में एक निर्दोष व्यक्ति को फंसाए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविक दोषियों पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

पार्षद सीमा संजय सिंह ने दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शासकीय संपत्ति की बिक्री या वित्तीय अनियमितता में अपराध बनता है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।

नगर निगम से जुड़े इन दोनों मामलों को लेकर अब पारदर्शी जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग जोर पकड़ती जा रही है।
