14 जुलाई 2826
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की दिशा में यातायात पुलिस बिलासपुर ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के 120 नागरिकों को “चेतना यातायात मितान” के रूप में चयनित किया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने चयनित यातायात मितानों को सड़क सुरक्षा मितान किट, टी-शर्ट और कैप वितरित कर उन्हें यातायात प्रबंधन में सहभागी बनने का संदेश दिया।

एक दिवसीय कार्यशाला में सभी यातायात मितानों को यातायात नियम, सड़क दुर्घटना के दौरान गोल्डन ऑवर में प्राथमिक सहायता, त्वरित रेस्क्यू, राहगीर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना, आईटीएमएस, आई-रेड और ई-डार प्रणाली सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर बनाया गया, ताकि वे स्कूलों में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सकें। वहीं एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड के कार्यक्रम अधिकारियों को भी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक यातायात मितान, शिक्षक, कार्यक्रम अधिकारी, सड़क सुरक्षा समिति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। पुलिस का उद्देश्य नागरिकों की भागीदारी से बिलासपुर में सरल, सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
