14 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम डोडकी में मकान की दीवार से सटाकर निर्माण करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में बिल्हा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के आरोपी सोहन यादव (60) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रमेश कुमार कोसले (35) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई 2026 की सुबह उसके घर के पास दीवार से हटाकर मकान बनाने की बात को लेकर रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने एक राय होकर उसके तथा उसके पिता अंजोरदास कोसले के साथ गाली-गलौज की और डंडे से प्राणघातक हमला कर जान से मारने की कोशिश की।
रिपोर्ट के आधार पर बिल्हा थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक (चकरभाठा) नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
छापेमारी के दौरान सोहन यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि रामू यादव और रामजीवन यादव फरार मिले।
पूछताछ में सोहन यादव ने अपने पुत्र के साथ मिलकर प्रार्थी और उसके पिता के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
