12 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव में शनिवार रात मछली चोरी की पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन आरोपियों ने पहले एक बाइक को टक्कर मारकर दो युवकों को सड़क पर गिराया, फिर उनमें से एक युवक का खेत में दौड़ाकर लाठी-डंडों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि दूसरा युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कर्रा निवासी तीरिथ यादव और श्याम सिंह खुंटाघाट बांध के पास चौकीदारी का कार्य करते थे। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों अपनी मोटरसाइकिल (सीजी 10 ईएफ 7425) से कर्रा से खुंटाघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवागांव के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो (सीजी 12 आर 1197) में सवार गोलू धीवर, अनीश धीवर समेत करीब आधा दर्जन लोग पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर बाइक को साइड से टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शी श्याम सिंह के अनुसार, बाइक से गिरते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए तीरिथ यादव खेत की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्याम सिंह किसी तरह हमलावरों से बचकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले तीरिथ यादव ने कथित रूप से गोलू धीवर को मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था और उसका वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। इस बात से नाराज होकर गोलू ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था। इस संबंध में रतनपुर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और मोबाइल बनवाने के लिए एक हजार रुपये भी दिए गए थे, लेकिन दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव खत्म नहीं हुआ।

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से घात लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा नामजद और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
