12 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को बड़ा रेल हादसा टल गया, जब शंकर नगर आरओबी के नीचे डाउन लाइन पर एक मालगाड़ी का वैगन अचानक पटरी से उतर गया। गनीमत रही कि उस समय मालगाड़ी की रफ्तार धीमी थी, जिससे कोई जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेल संचालन, इंजीनियरिंग और सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद राहत एवं बहाली कार्य शुरू करते हुए विशेष उपकरणों की सहायता से बेपटरी हुए वैगन को दोबारा ट्रैक पर लाने का अभियान चलाया गया।

सुरक्षा के मद्देनज़र प्रभावित डाउन लाइन पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन नियंत्रित किया गया, जबकि अन्य ट्रेनों का संचालन आवश्यक सावधानियों के साथ जारी रखा गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस घटना से रेल यातायात पर सीमित प्रभाव पड़ा और किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है।

रेलवे ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रैक, वैगन के पहिए, एक्सल और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बेपटरी होने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल रेलवे प्रशासन ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित बनाकर सामान्य रेल परिचालन जल्द से जल्द बहाल करने में जुटा हुआ है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
