12 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर/रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में ढाबा संचालक से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ₹4,500 की नगदी, घटना में प्रयुक्त चाकू, लाठी और डंडा भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गहलोत ढाबा संचालक आशीष गहलोत (36 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 जुलाई की रात करीब 1 बजे विकास उर्फ विक्कू रावत, शनि उर्फ राजा कश्यप और ब्यासनारायण पाटले उर्फ छोटू ढाबे पर पहुंचे और शराब की मांग को लेकर विवाद करने लगे। मना करने पर तीनों ने चाकू निकालकर धमकाया और बीच-बचाव करने आए कर्मचारी विजेंद्र कमल के साथ भी मारपीट की।

इसके बाद आरोपियों ने ढाबे के गल्ले से ₹4,500 लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर रतनपुर थाना में अपराध क्रमांक 484/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को करैहापारा, रतनपुर स्थित उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई ₹4,500 की नगदी, चाकू, लाठी एवं डंडा बरामद कर जब्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
विकास उर्फ विक्कू रावत (25 वर्ष)
शनि उर्फ राजा कश्यप (22 वर्ष)
ब्यासनारायण पाटले उर्फ छोटू (27 वर्ष)
सभी निवासी करैहापारा, रतनपुर, जिला बिलासपुर।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
