12 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर/रतनपुर: महिला संबंधी गंभीर अपराध में फरार चल रहे आरोपी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पिछले लगभग दो माह से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, थाना रतनपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 367/2026 के तहत आरोपी गौतमचंद्र उर्फ पप्पू डोंगरे (39 वर्ष) निवासी खैरा डगनिया, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
प्रकरण के अनुसार, पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि घटना की रात उसका पति घर से बाहर गया हुआ था। देर रात आरोपी कथित रूप से घर में घुसा और महिला के साथ जबरन दुष्कर्म कर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की, लेकिन घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर महिला संबंधी लंबित एवं फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत रतनपुर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 11 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव खैरा डगनिया आया हुआ है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय की टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तारी कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
