12 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार को नई उड़ान देते हुए ग्राम पंचायत बेलतरा और सेंदरी में लगभग ₹1 करोड़ 90 लाख की लागत से विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला रहे। उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों से निर्माण कार्यों की देखरेख तथा प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने की, जबकि जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, भाजपा पदाधिकारियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ।

बेलतरा में विकास की नई पहचान:ग्राम पंचायत बेलतरा में लगभग ₹99.50 लाख की लागत से सरस्वती शिशु मंदिर के अतिरिक्त कक्ष, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, व्यावसायिक परिसर, विद्यालय लाइब्रेरी कक्ष, उचित मूल्य गोदाम, नाली निर्माण, शाला भवन उन्नयन, सामुदायिक भवन, मंच, मुक्तिधाम, आयुर्वेद योगा शेड एवं सांस्कृतिक मंच सहित अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।

वहीं ग्राम पंचायत सेंदरी में लगभग ₹91.02 लाख की लागत से विभिन्न वार्डों में आरसीसी नाली, सीसी सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिससे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

“जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत”:विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। बेलतरा विधानसभा में सड़क, शिक्षा, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध रहेंगे।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि विकास कार्य केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता और दीर्घायु बनाए रखना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नई बनी सीसी सड़क, आरसीसी नाली और अन्य निर्माण कार्यों की नियमित पानी से तराई कर ग्रामीण अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण लंबे समय तक टिकाऊ बने रहें।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश:वर्षा ऋतु को सबसे उपयुक्त समय बताते हुए विधायक ने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी लेकर उसका संरक्षण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य मिलेगा।
सरपंचों ने जताया आभार:ग्राम पंचायत सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव ने लगभग एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात के लिए विधायक सुशांत शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित मांगें अब पूरी हो रही हैं और गांव के विकास को नई दिशा मिली है।

वहीं ग्राम पंचायत बेलतरा के सरपंच सुरेश कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक सुशांत शुक्ला का धन्यवाद देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में बेलतरा विधानसभा अभूतपूर्व विकास की ओर तेजी से बढ़ रही है। सड़क, नाली, शिक्षा, डिजिटल सुविधा केंद्र और अन्य आधारभूत परियोजनाओं से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक सुशांत शुक्ला का आत्मीय स्वागत किया और क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। यह आयोजन बेलतरा विधानसभा में विकास के नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा गया, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों पुरानी जनआवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया।
