11 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़, 11 जुलाई। रायगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मासिक क्राइम मीटिंग ली। बैठक में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों के साथ लंबित अपराध, शिकायतें, गुमशुदगी, मर्ग और गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
बैठक में हत्या, हत्या के प्रयास, बड़ी चोरी, नकबजनी, महिला अपराध, पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य गंभीर मामलों की विवेचना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने विवेचकों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए लंबित मामलों में तेजी लाने और न्यायालय में शीघ्र चालान पेश करने के निर्देश दिए।
क्राइम मीटिंग में तीन प्रमुख विषयों—अपराधों का त्वरित निराकरण, यातायात व्यवस्था में सुधार और मानसून के दौरान बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन—पर विशेष फोकस रखा गया। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 के पहले छह माह का प्रदर्शन रिपोर्ट कार्ड भी थाना प्रभारियों के सामने प्रस्तुत किया गया। इस दौरान जुआ, सट्टा, अवैध शराब, बदमाशों की निगरानी तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस का अंतिम उद्देश्य पीड़ित को समय पर न्याय दिलाना है और इसके लिए प्रत्येक विवेचना कानून सम्मत, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में पूरी होनी चाहिए।
बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। मानसून के दौरान सड़क क्षति, जलभराव और जाम जैसी समस्याओं से निपटने के लिए यातायात शाखा को विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा और रोड इंजीनियरिंग में सुधार पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिले के प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के लिए विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने केस स्टडी के माध्यम से विवेचना में होने वाली सामान्य त्रुटियों और वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया की जानकारी दी। सीसीटीएनएस सहित तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
मानसून के मद्देनजर महानदी से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को कोटवारों, जनप्रतिनिधियों और अन्य विभागों के साथ सतत समन्वय बनाए रखते हुए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी प्रभात पटेल, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
