06 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “अभियान संवेदना” के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। कोतरारोड़ थाना पुलिस ने करीब पांच महीने से लापता 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले 27 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 को पीड़िता की मां ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्ष 11 माह की पुत्री स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदेही सूरज कुमार साहू की लोकेशन बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में ट्रेस की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल बिलासपुर रवाना हुई और कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
थाने में महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता के बयान और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गई।
इसके बाद आरोपी सूरज कुमार साहू (27 वर्ष), निवासी पकरिया भाठापारा (लटिया), थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर नाबालिग बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक चन्द्रेश पांडे तथा महिला आरक्षक दोरथिया किण्डो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि “अभियान संवेदना” के तहत गुम बालक-बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी और उनके विरुद्ध अपराध करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
