27 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई तक जिलेभर में सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सदस्यता अभियान, किसान संगोष्ठी, ड्रोन प्रदर्शन, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, सहकार संकल्प दौड़ और मॉडल पैक्स समितियों के भ्रमण सहित अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शनिवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बैंक अध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह एवं छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि “सहकार से समृद्धि” के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित पृथक सहकारिता मंत्रालय ने देश के सहकारी आंदोलन को नई दिशा और नई गति प्रदान की है। डिजिटल तकनीक, पारदर्शिता तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के साथ सहकारिता को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पैक्स के सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, डिजिटल सेवाओं के विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि सहकारिता सप्ताह के दौरान 29 जून को सहकारी ध्वजारोहण एवं सदस्यता अभियान, 30 जून को जिला सहकारी विकास समिति की बैठक, 1 जुलाई को ड्रोन से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन, 2 जुलाई को माइक्रो एटीएम एवं रुपे कार्ड वितरण, 3 जुलाई को वृक्षारोपण एवं सहकार संकल्प दौड़, 4 जुलाई को स्वास्थ्य शिविर और प्रतियोगिताएं, 5 जुलाई को विशेष सदस्यता अभियान तथा 6 जुलाई को चिन्हित पैक्स गोदामों का भूमिपूजन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में जिला सहकारी बैंक की उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मोहित जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष (शहर) दीपक सिंह, मीडिया संयोजक प्रणव शर्मा समदरिया, जिला सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
