27 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोटा
बिलासपुर। चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा’ एवं ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत कोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत की चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को ग्राम गनियारी निवासी राजू आदिवासी ने थाना कोटा में शिकायत दर्ज कराई थी कि शराब भट्ठी के पास इमली के पेड़ के नीचे खड़ी उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक 4 घुरू-अमेरी में दबिश दी, जहां से आरोपी ओमप्रकाश यादव (25 वर्ष) निवासी घुरू, थाना सकरी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा के मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक नंद कुमार यादव, अविनाश शर्मा एवं दीप सिंह कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
