26 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। ग्राम बैटरी में लगातार हो रहे आपसी विवाद और गांव का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ मल्हार पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सात लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, ताकि गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्राम बैटरी निवासी जवाहरलाल कश्यप ने हनुमान प्रसाद वर्मा, बाबूलाल वर्मा, दयाराम व अन्य के खिलाफ मारपीट एवं विवाद की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से हनुमान प्रसाद वर्मा ने जवाहरलाल कश्यप, जीवन कश्यप, दुष्यंत कश्यप और प्रेमचंद पांडे के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई।
दोनों पक्षों के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप और विवाद की स्थिति बनी रही। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों गुटों के कारण गांव का माहौल लगातार तनावपूर्ण हो रहा है और शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसे देखते हुए मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई के दौरान बाबूलाल वर्मा (53), नंदकुमार वर्मा (40), रामरतन वर्मा (45), मधुसूदन कश्यप (54), दुष्यंत कश्यप (40), राजेश्वर उर्फ राजा (34) एवं प्रेमचंद पांडे (40), सभी निवासी ग्राम बैटरी, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
