26 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़, 26 जून 2026। रायगढ़ पुलिस के अभियान ‘संवेदना’ के तहत महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को सक्ती जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में एक निजी वित्तीय कंपनी से ऋण लेने के दौरान उसकी पहचान कंपनी में फाइनेंसर के रूप में कार्यरत हितेश कुमार केंवट से हुई थी।
आरोपी का उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान उसने विवाह का भरोसा दिलाकर रायगढ़ स्थित किराए के मकान में युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि अप्रैल 2026 में उसे पता चला कि आरोपी की शादी किसी अन्य युवती से तय हो गई है। जब उसने आरोपी और उसके परिवार से इस संबंध में बात की, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीम ने सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी हितेश कुमार केवट (26 वर्ष), निवासी ग्राम कांसा, थाना डभरा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया। पूछताछ, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे तथा महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
