26 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ से लदी पिकअप वाहन जब्त की है। पुलिस ने करीब 6.85 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना पूंजीपथरा और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG13UJ2186 में कबाड़ खरीदते हुए बलवंत सारथी (40 वर्ष), निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन में लोड कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में वाहन में लगभग 2.85 टन संदिग्ध कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत 85,500 रुपये आंकी गई, बरामद हुआ। चोरी की संपत्ति होने की आशंका के चलते पुलिस ने कबाड़ के साथ लगभग 6 लाख रुपये मूल्य की पिकअप वाहन जब्त कर कुल 6,85,500 रुपये की संपत्ति अपने कब्जे में ली।
इस मामले में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क), 35(ड) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस की अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के अवैध व्यापार पर लगातार कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
