26 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री संदीप अग्रवाल ने विकासखंड मस्तूरी के ग्राम पंचायत ठरकपुर एवं नरगोडा में संचालित गोबर गैस (बायोगैस) संयंत्रों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली, गैस उत्पादन, उपयोग और रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर संयंत्रों के संचालन से जुड़े अनुभव और सुझाव भी जाने।

ग्रामीणों ने बताया कि बायोगैस संयंत्रों के उपयोग से एलपीजी और जलाऊ लकड़ी पर होने वाला खर्च काफी कम हुआ है। साथ ही रसोई में धुएं से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं में भी राहत मिली है। ग्रामीणों ने इसे स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ऊर्जा का प्रभावी विकल्प बताया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री अग्रवाल ने ग्रामीणों को संयंत्रों का नियमित रखरखाव करने, समय-समय पर सफाई रखने तथा पर्याप्त मात्रा में गोबर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गोबर गैस संयंत्र न केवल स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और ग्रामीण आत्मनिर्भरता को भी मजबूती देते हैं।

उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को सभी बायोगैस संयंत्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा तकनीकी खराबी वाले संयंत्रों का शीघ्र सुधार कर उन्हें पुनः संचालित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, जनपद पंचायत मस्तूरी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
