25 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर के दयालबंद क्षेत्र में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के मायके पक्ष ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पति का दावा है कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या का प्रयास किया था।

मृतका अदिति मौर्य की शादी वर्ष 2019 में उत्तरप्रदेश के सोनभद्र निवासी परिवार से बिलासपुर के रविकांत मौर्य के साथ हुई थी। दंपति की एक 13 माह की बेटी भी है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच रिश्तों में तनाव चल रहा था। विवाद की मुख्य वजह पति के किसी अन्य महिला से कथित संबंधों को माना जा रहा है।

परिजनों का आरोप है कि अदिति ने कुछ दिन पहले पति के मोबाइल फोन में मौजूद चैट का वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी बड़ी बहन को भेजा था। इसके बाद घर में विवाद और बढ़ गया। मायके पक्ष का कहना है कि अदिति लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का शिकार हो रही थी और कई बार उसने फोन पर इसकी जानकारी भी दी थी।

मृतका के भाईयों ने आरोप लगाया है कि 23 जून को भी अदिति के साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद परिवार ने ससुराल पक्ष से संपर्क किया, लेकिन कुछ ही समय बाद उन्हें अदिति की मौत की खबर मिली। सूचना मिलने पर परिजन उत्तरप्रदेश से बिलासपुर पहुंचे, जहां अस्पताल में उन्हें बताया गया कि अदिति की मृत्यु हो चुकी है।

मायके वालों का दावा है कि अदिति के हाथ, गर्दन, पैर और कान पर चोट के निशान मौजूद थे। उनका कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां आत्महत्या की कहानी से मेल नहीं खातीं। इसी आधार पर उन्होंने पति, सास-ससुर, ननद और नंदोई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
दूसरी ओर, पति रविकांत मौर्य ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि घटना के समय वह अपनी बेटी के साथ ऊपरी मंजिल पर सो रहा था। नीचे आने पर उसने पत्नी को कमरे में अचेत अवस्था में पाया। उसका दावा है कि अदिति ने साड़ी के सहारे फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन फंदा खुल जाने के कारण वह नीचे गिर गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला आत्महत्या, दुर्घटना या हत्या—इन तीनों संभावनाओं के बीच जांच के दायरे में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्ष इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने लाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
