25 जून 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रतनपुर
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक का अपहरण कर उसे गांजा तस्करी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 को भेलवापारा कलमीटार निवासी घनश्याम पाटले ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान रतनपुर निवासी इशान सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके अन्य साथी उसके घर पहुंचे और बातचीत करने के बहाने उसे बाहर बुलाया।
बाहर आते ही आरोपियों ने घनश्याम के गले पर धारदार चाकू अड़ाकर जबरन मोटरसाइकिल में बैठाया और उसे कोरबाभांवर जंगल ले गए। वहां आरोपियों ने कागज पर गांजा फैलाकर उसकी तस्वीर खींची और धमकी देते हुए कहा कि जैसा वे बोलेंगे वैसा ही घरवालों को फोन पर बताना होगा।
आरोपियों ने पीड़ित से उसकी मां को फोन कर यह कहलवाया कि वह गांजा मामले में पाली थाना पुलिस द्वारा पकड़ा गया है और मामला खत्म कराने के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत है। बेटे की बात सुनकर उसकी मां पैसे देने के लिए तैयार हो गई।
इसके बाद आरोपियों ने रकम लेने के लिए पहले महामाया मंदिर बाईपास स्थित बादल महल के पास और फिर हेलीपेड क्षेत्र में बुलाया। हालांकि परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई।
महामाया बाईपास रोड पर पैसे लेने पहुंचे आरोपियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर इशान सारथी और एक नाबालिग को पकड़ लिया। वहीं निखिल रजक उर्फ एलियन, सोम रजक और यश मौके से फरार हो गए।
जांच में अपहरण, जान से मारने की धमकी और फिरौती मांगने की पुष्टि होने पर रतनपुर थाना में अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी इशान सारथी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
इशान सारथी, पिता वीरू सारथी, उम्र 18 वर्ष 02 माह, निवासी महामाया चौक रतनपुर।
एक नाबालिग बालक।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनोज एक्का, आरक्षक पवन ठाकुर एवं लेखपाल खुसरो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
