25 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर। बारात में डीजे पर नाचने के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हाथ लगने की बात को लेकर शुरू हुए झगड़े में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मारपीट करते हुए धारदार वस्तु से हमला कर दिया। घटना में एक युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी घनश्याम जोगी (55 वर्ष) निवासी रमतला, थाना सरगांव, जिला मुंगेली ने थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल 2026 को बिटकुली में आयोजित एक बारात में डीजे पर नाचने के दौरान हाथ लगने की बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी पकलू उर्फ याददास्त बंजारे (19 वर्ष) निवासी बिटकुली ने जय जोशी, आयोन जोशी और सुजीत जोशी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा धारदार वस्तु से हमला कर घायल कर दिया।
जांच के दौरान घायल सुजीत जोशी की मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट पाए जाने पर पुलिस ने मामले में गंभीर धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई तेज की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली तथा उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
