25 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने प्राथमिक शाला तारबाहर के विद्यार्थियों के साथ सीड बॉल निर्माण गतिविधि में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर सीड बॉल तैयार किए और उन्हें प्रकृति संरक्षण तथा पौधरोपण के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक अनिल तिवारी भी उपस्थित रहे।
सीईओ श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सीड बॉल हरित क्षेत्र बढ़ाने का एक सरल और प्रभावी माध्यम है। वर्षा ऋतु में इन्हें खुले स्थानों पर डालने से बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेते हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सीड बॉल तैयार किए। बच्चों को मिट्टी, गोबर खाद और बीजों के मिश्रण से सीड बॉल बनाने की विधि भी सिखाई गई। इस अवसर पर सीईओ ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता और जैव विविधता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना समय की आवश्यकता है, क्योंकि यही बच्चे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के सशक्त वाहक बनेंगे। विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने और उन्हें प्रकृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने सीड बॉल निर्माण गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
