18 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सिरगिट्टी
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ी दुकान में बंधक बनाकर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और वाहन लूटने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टाटा पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहम्मद फिरोज, रोहित, राहुल, रितिक, तौसिफ एवं उनके अन्य साथियों ने उसके साले को एक कबाड़ी दुकान में बंधक बनाकर रखा था।
आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर पैसों की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रार्थी का टाटा कंपनी का पिकअप वाहन भी जबरन अपने कब्जे में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरगिट्टी पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 445/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद फिरोज (42 वर्ष) निवासी मसानगंज तथा अब्दुल सफीर (32 वर्ष) निवासी यदुनंदन नगर तिफरा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी मोहम्मद फिरोज के कब्जे से घटना में लूटा गया टाटा पिकअप वाहन बरामद कर जप्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
