18 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर स्थित सीएमडी सभागार में बुधवार को “कार्यस्थल पर योग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है, जिसके अनुरूप कर्मचारियों को योग और प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक प्रीत पाल सिंह गुम्बर ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर आसानी से किए जा सकने वाले विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर कार्यक्षमता, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हुए कार्यस्थल पर स्वास्थ्य और कल्याण की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।


उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर एसईसीएल द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और योग संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित किया जा सके।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
