18 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/हिरी
बिलासपुर: हिरी थाना पुलिस ने ट्रक के टायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए चारों टायर एवं डिस्क को 100 प्रतिशत बरामद कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी दीपक सिंह मरकाम ने थाना हिरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम झल्फा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़ी ट्रक क्रमांक CG 04 PII 0757 से 9/20 साइज के चार टायर डिस्क सहित चोरी हो गए हैं। चोरी की यह घटना 9 जून की रात से 10 जून की सुबह के बीच हुई थी। चोरी गए टायरों की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर थाना हिरी में धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान 16 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तीन युवक चोरी के टायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मुख्य आरोपी ऋषि धीवर ने मेमोरेंडम बयान में अपने साथियों संदीप कश्यप, शेखर चंद्राकर तथा फरार आरोपी मालटन उर्फ मीनू बैसवाड़े के साथ मिलकर ट्रक से टायर चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में:
ऋषि धीवर (27 वर्ष), निवासी सेमरताल, थाना कोनी
संदीप कश्यप (32 वर्ष), निवासी गढ़वट, थाना रतनपुर
शेखर चंद्राकर (20 वर्ष), निवासी गढ़वट, थाना रतनपुर
शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी टायर बरामद कर लिए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल फरार आरोपी की तलाश जारी है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
