18 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/यातायात पुलिस
बिलासपुर। यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा ऑटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में शहर में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑटो चालकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार, केवल एक दिन में 100 से अधिक ऑटो चालकों पर नियम उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की गई है, जबकि पिछले एक माह में 1177 ऑटो चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। आईटीएमएस और नेक्स्ट जेन एम-परिवहन प्रणाली के माध्यम से भी ऐसे वाहन चालकों की लगातार निगरानी की जा रही है।

यातायात पुलिस ने बताया कि ऑटो चालकों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी चालकों को अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म पहनकर वाहन संचालन करने के निर्देश दिए गए थे। ऑटो यूनिफॉर्म तैयार कराने के लिए सात दिनों का समय भी दिया गया था, लेकिन कई चालक अब भी निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि यूनिफॉर्म व्यवस्था लागू होने से ऑटो चालकों की पहचान आसान होगी और यात्रियों से जुड़े विवाद, अपराध अथवा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में चालक की पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर ऑटो चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर अन्य आपराधिक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, निर्धारित यूनिफॉर्म पहनकर ही वाहन चलाएं तथा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखें।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
